जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में मदन महल पहाड़ी पर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बुलडोजर चलाकर पहाड़ी के निचले और मध्यम हिस्से में बने 14 अवैध अतिक्रमणों को जमींदोज कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
नगर निगम की कार्रवाई के दौरान 22 परिवारों को उनके घरेलू सामान सहित तेवर क्षेत्र में विस्थापित किया गया। यह पूरा अभियान सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के पालन में जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस के संयुक्त प्रयास से चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पुरवा क्षेत्र के भैरो नगर बड़ा पत्थर इलाके में अवैध रूप से किए गए कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। प्रशासन द्वारा किए गए सर्वे में इस क्षेत्र की करीब 21 हेक्टेयर भूमि पर कुल 714 अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे।
प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने से पहले यहां रहने वाले लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था भी की है। प्रभावित परिवारों को तेवर और भड़पुरा में 15×30 फीट के प्लॉट आवंटित किए गए हैं। साथ ही अस्थायी आवास बनाने के लिए बल्ली, तिरपाल और रस्सी जैसी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।
