जमीन पर टपरिया बनाने के नाम पर 15 हजार की रिश्वत लेते ग्राम सरपंच गिरफ्तार




जबलपुर/सिवनी। सिवनी जिले के पलारी गांव में जमीन पर टपरिया बनाने की अनुमति देने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले ग्राम सरपंच को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी सरपंच के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली है।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, सिवनी के पलारी गांव में चूना भट्टी के पास रहने वाले शिवचरण नगवंशी खाली जमीन पर टपरिया बना रहे थे। इसी दौरान ग्राम सरपंच रामगोपाल डेहरिया ने निर्माण पर आपत्ति जताते हुए काम रुकवा दिया।

बताया जा रहा है कि जब शिवचरण ने सरपंच से इस संबंध में बातचीत की तो सरपंच ने टपरिया बनाने की अनुमति देने के बदले 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। पीड़ित ने सरपंच को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा।

इसके बाद शिवचरण नगवंशी ने मामले की शिकायत ईओडब्ल्यू जबलपुर में की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और सोमवार को तय योजना के अनुसार सरपंच रामगोपाल डेहरिया को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post