जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय छात्रा के साथ शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता की पहचान कुंडम निवासी आशीष मार्को से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2021 में आशीष ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और खमरिया के पिपरिया स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन दुष्कर्म किया। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उससे शादी करने का वादा कर उसे अपने विश्वास में ले लिया।
शादी के झांसे में करता रहा शोषण
पीड़िता के अनुसार शादी का भरोसा दिलाकर आरोपी लंबे समय तक उसके साथ संबंध बनाता रहा। करीब एक माह पहले आरोपी ने अचानक उससे संपर्क तोड़ लिया और बातचीत बंद कर दी। जब पीड़िता ने उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि अब आरोपी उसे और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।
खमरिया थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी आशीष मार्को के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
.jpg)