जमीन विवाद में दो भाइयों के परिवार भिड़े, लाठी-डंडों से मारपीट; 2 महिलाएं समेत 5 घायल



जबलपुर। जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लमकना में जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। इस घटना में दो महिलाओं सहित पांच से अधिक लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों परिवारों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे।

मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठियों से हमला करते और गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं।

घटना में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सिहोरा थाना पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post