जबलपुर। शहर में एक और दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। डुमना रोड स्थित सुअरकोल चौक के पास हुए हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य यादव (20 वर्ष), निवासी इंद्रानगर शक्ति भवन रोड, रामपुर थाना गोरखपुर, बीती रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन संदीप यादव उसे तत्काल भण्डारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही खमरिया थाना पुलिस मौके पर सक्रिय हुई और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में हादसे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसमें किसी अन्य वाहन की भूमिका रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
यह हादसा एक बार फिर शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर सवाल खड़े करता है—क्या लापरवाही, तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अब आम होती जा रही है? प्रशासन और आमजन दोनों के लिए यह एक गंभीर चेतावनी है।
.jpg)