संदिग्ध हालात में महिला की मौत, नाले में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस



भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। हमीदिया रोड स्थित एक नाले में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि स्थानीय लोगों ने महिला को अक्सर इलाके में शराब के नशे में घूमते हुए देखा था। हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि महिला नशे की हालत में संतुलन खो बैठी और नाले में गिरने से गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

हालांकि, पुलिस को मृतका के शरीर पर किसी भी प्रकार के संघर्ष या हमले के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जिससे हत्या की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है। बावजूद इसके, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल शव की पहचान के प्रयास जारी हैं और भोपाल महिला अपराध शाखा सहित आसपास के थानों को महिला का हुलिया भेजकर शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post