तलवार लेकर घूम रहा शातिर बदमाश गिरफ्तार, 22 आपराधिक मामलों का है आरोपी


जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तलवार लेकर संदिग्ध हालत में घूम रहे एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहा था।


गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि नियमित गश्त के दौरान पुलिस को मेडिकल गेट के सामने सूचना मिली कि सर्वेंट क्वार्टर रोड के पास एक व्यक्ति तलवार लेकर खड़ा है और उसकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम दीपेश तिवारी (35 वर्ष) निवासी कैलाशपुरी, गुप्तेश्वर, बूढ़ी खेरमाई मंदिर के पास बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तलवार बरामद हुई, जिसे जब्त कर पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ अवैध वसूली, मारपीट, तोड़फोड़, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट समेत कुल 22 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इतना ही नहीं, वह थाना गढ़ा में दर्ज मारपीट और आबकारी एक्ट के मामलों में फरार भी चल रहा था।

पुलिस ने आरोपी को पूर्व में दर्ज अपराध क्रमांक 137/26 (धारा 34ए आबकारी एक्ट) तथा अपराध क्रमांक 138/26 में भी गिरफ्तार किया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराएं शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post