जबलपुर।शहर में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर बढ़ रही परेशानी और अंतरराष्ट्रीय हालातों के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता नालों में उतर गए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने “नरेंद्र सरकार हाय-हाय” के नारे लगाते हुए केंद्र सरकार की विदेश नीति और बढ़ती महंगाई पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि मध्य-पूर्व में ईरान और इजराइल के बीच चल रहे तनाव के कारण ऊर्जा संकट गहराता जा रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इस स्थिति से निपटने में विफल साबित हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी स्वतंत्र विदेश नीति को कमजोर कर दिया है। उनका कहना था कि यदि प्रधानमंत्री 56 इंच के सीने की बात करते हैं तो उन्हें अमेरिका से सस्ती गैस दिलाकर देश की जनता को राहत देनी चाहिए।
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का कहना है कि देश में एलपीजी गैस की कमी से आम लोग परेशान हो रहे हैं और कई जगहों पर हाहाकार जैसी स्थिति बनती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सरकार ने उचित कदम नहीं उठाए तो आने वाले समय में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति और कीमतों को लेकर देश में गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता इस मुद्दे को उठाना चाहते हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज को अनसुना कर रही है।
