जबलपुर। जिले में घरेलू रसोई गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आम नागरिकों से संयम बरतने की अपील की है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा है कि जबलपुर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। इसलिए किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
कलेक्टर ने बताया कि उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार एक सिलेंडर प्राप्त करने के बाद अगले सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन पूरे होने के बाद ही की जा सकती है। यदि उपभोक्ता बार-बार बुकिंग का प्रयास करते हैं तो इससे सर्वर पर अनावश्यक दबाव बढ़ता है, जिसके कारण उन लोगों को भी परेशानी होती है जिन्हें वास्तव में गैस की तत्काल आवश्यकता होती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी वेंडर, हॉकर या अन्य माध्यम से मिलने वाली अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। अनावश्यक रूप से घबराकर की जाने वाली पैनिक बुकिंग से वितरण व्यवस्था प्रभावित होती है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही नियमों के तहत गैस बुकिंग करें।
गैस वितरण केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर
गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासन ने निगरानी और सख्त कर दी है। जिले की प्रमुख गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की जा रही है। ये अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर सिलेंडरों का न्यायसंगत और व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करेंगे।
प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस आपूर्ति पूरी तरह पर्याप्त है और वितरण प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि अफवाहों से दूर रहकर व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
