जबलपुर। शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पनागर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को शनिवार शाम सटीक सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर 4 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दमोह जिले के जबेरा निवासी मनीष प्रधान के रूप में हुई है। वर्ष 2024 में पनागर थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक गंभीर मामले में वह मुख्य आरोपी था। वारदात के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मनीष प्रधान आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत चार अन्य मामले दर्ज हैं। पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के अनुसार आरोपी पिछले करीब ढाई वर्षों से कानून की गिरफ्त से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की सतत निगरानी और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते आखिरकार वह पकड़ा गया।
फिलहाल आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे सख्ती से पूछताछ की जा रही है, ताकि नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों, सप्लाई चेन और नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
