जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के शीतलपुरी बल्देवबाग में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़ी कार से अनियंत्रित बाइक टकरा गई, जिससे चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शांति नगर गोहलपुर निवासी सत्येंद्र विश्वकर्मा (21) शनिवार रात करीब 12:10 बजे अपनी मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 20 एक्सबी 3988 से उखरी शताब्दीपुरम से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह श्रीराम भवन, शीतलपुरी के पास पहुंचा, सड़क किनारे खड़ी कार क्रमांक एमपी 04 जीबी 7493 से उसकी बाइक पीछे से जोरदार टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्येंद्र के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों की सूचना पर उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के मित्र वीरेंद्र गडारी की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
