किसान को पत्थर और ब्लेड से किया लहूलुहान, जान से मारने की धमकी देकर फरार

 



जबलपुर। जिले के कटंगी थाना क्षेत्र में आपराधिक दुस्साहस की एक और घटना सामने आई है। भमका मोड़ पर बदमाशों ने एक किसान को घेरकर पत्थरों और ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बगसवाही निवासी भगवान सिंह लोधी, जो पेशे से किसान हैं, मोटरसाइकिल से जबलपुर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे भमका मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से आई एक बिना नंबर की कार ने उन्हें हॉर्न देकर रुकने का इशारा किया।

कार रुकते ही उसमें सवार दो युवक बाहर निकले और भगवान सिंह से विवाद करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके हाथ पकड़ लिए। इसी दौरान कार से दो अन्य युवक उतरे और सड़क किनारे पड़े मुरम के पत्थर उठाकर उनके सिर और छाती पर वार कर दिया।

स्थिति तब और भयावह हो गई जब कार से पांचवां युवक बाहर निकला, जिसके हाथ में ब्लेड था। उसने भगवान सिंह के माथे और दोनों हाथों पर ताबड़तोड़ ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

हमलावर वारदात के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजा गया।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की शिनाख्त कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post