भोपाल में 55.50 लाख की हवाला लूट का पर्दाफाश, 12 आरोपी गिरफ्तार, 35 लाख रुपये बरामद


भोपाल। राजधानी भोपाल में हवाला के पैसों की लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 35 लाख रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, एक एक्सेस स्कूटी, एक सवारी ऑटो और नौ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं इस वारदात में शामिल कुछ अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।


पुलिस के अनुसार 8 मार्च को फरियादी दिव्यांग बरोट (25) निवासी स्टर्लिंग ग्रीन विला-2, चुनाभट्टी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि स्मार्ट सिटी रोड पर दो एक्टिवा सवार युवकों ने उनकी गाड़ी रोककर बैग में रखे 55 लाख 50 हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद मामला श्यामला हिल्स थाना में दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश कुमार गोस्वामी के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल तथा पुलिस उपायुक्त जोन-3 मयूर खंडेलवाल के मार्गदर्शन में 10 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें हैदर उर्फ रहमान, फजल उर्फ पूरा, अल्फेज अली, मुजम्मिल, शान उर्फ डिंडेंट, सोहेल उर्फ गुड्डा, अनवर शेख, अब्दुल नदेव, शान उर्फ साहिल अहमद, सलमान समद, गौरव चेतवानी और फैसल खान शामिल हैं। वहीं फरदीन, जावेद, आसिम सहित कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गौरव चेतवानी लेखाकार का काम करता है और ऑनलाइन सट्टा भी खेलता था। सट्टे के कारण उस पर करीब 4 से 5 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। इसी दौरान उसे हवाला के पैसों की आवाजाही की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक घटना से दो दिन पहले आरोपियों ने भोपाल टॉकीज के पास बैठकर पूरी योजना बनाई और हवाला के पैसों की रूट की रेकी की। वारदात वाले दिन आरोपी पॉलीटेक्निक चौराहे पर एकत्र हुए। जैसे ही हवाला का पैसा लेकर व्यक्ति स्मार्ट सिटी रोड की ओर बढ़ा, आरोपियों ने योजना के अनुसार उसकी एक्टिवा को आगे-पीछे से रोक लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर उसे डराया और बैग में रखे रुपये लेकर फरार हो गए।

पुलिस अब तक आरोपियों से करीब 35 लाख रुपये बरामद कर चुकी है, जबकि बाकी रकम और फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इस पूरे ऑपरेशन में क्राइम ब्रांच और श्यामला हिल्स थाना पुलिस की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने इस बड़ी वारदात का खुलासा करने वाली टीम की सराहना भी की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post