जबलपुर। जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फुलर में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस ने खेत में बनी एक टपरिया में चल रहे जुआ फड़ पर अचानक दबिश दे दी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई और कई लोग खेतों की ओर भागने लगे, हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर पीछा करते हुए 11 जुआरियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से 40 हजार 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
शहपुरा थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे ने बताया कि ग्राम फुलर स्थित भाईजान के खेत में बनी टपरिया में लंबे समय से जुआ फड़ संचालित होने की सूचना मिल रही थी। यहां शहपुरा सहित आसपास के गांवों से लोग आकर जुआ खेलते थे। बीती रात भी यहां जुआ चलने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दबिश दी।
पुलिस की कार्रवाई देखते ही जुआ खेल रहे लोग खेतों की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर 11 लोगों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से नगदी बरामद की।
इधर स्थानीय चर्चाओं में यह भी सामने आया है कि इस जुआ फड़ पर अक्सर प्रतिदिन लाखों रुपये के दांव लगाए जाते रहे हैं। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान जब्त रकम हजारों में ही सामने आई है, जिससे पूरे मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं।
