जबलपुर। बच्चे का पहला जन्मदिन मना रहे एक पिता की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। डीजे बजाने को लेकर परिवार में हुए विवाद के बाद युवक ने नशे की हालत में अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि देर रात डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने यह कदम उठाया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मझगवां पुलिस के अनुसार कन्या स्कूल के पीछे रहने वाले राजेंद्र रजक ने बताया कि उसके बड़े बेटे प्रिंस रजक (22) के बच्चे का पहला जन्मदिन था। इस मौके पर घर में परिवार और रिश्तेदारों के साथ जश्न का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें डीजे पर नाच-गाना भी हो रहा था।
बताया गया है कि रात करीब 11 बजे आसपास के लोगों के विरोध के बाद परिवार वालों ने प्रिंस से डीजे बंद करने के लिए कहा। इस बात से नाराज होकर प्रिंस घर से निकल गया और करीब दो घंटे बाद शराब पीकर वापस लौटा।
घर लौटने के बाद उसने परिवार के सदस्यों से विवाद किया और पूछा कि डीजे क्यों बंद कराया गया। परिवार वालों ने उसे समझाने की कोशिश की कि देर रात होने के कारण डीजे बंद किया गया था।
इसके बाद रात करीब 3 से 3:30 बजे के बीच प्रिंस अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद छोटे भाई ने दरवाजा खोला तो देखा कि प्रिंस पंखे में चुनरी के सहारे लटका हुआ था।
