पहचान का भरोसा टूटा: ‘चेन देखने’ के बहाने दो तोला सोना लेकर फरार



जबलपुर। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में पहचान के भरोसे का फायदा उठाकर सोने की चेन हड़पने का मामला सामने आया है। गाड़ी ट्रांसफर कराने के नाम पर कई दिनों तक संपर्क में रहने वाले युवक ने मौका मिलते ही पीड़ित की करीब दो तोला सोने की चेन और लॉकेट लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर माढ़ोताल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार लालमाटी सिद्धबाबा, घमापुर निवासी रोहित पटेल ने शिकायत दर्ज कराई है कि दीपक पटेल उसका परिचित है। पिछले कुछ दिनों से वह गाड़ी ट्रांसफर कराने के काम को लेकर रोहित के संपर्क में था और इसी सिलसिले में वह रोहित के साथ आरटीओ स्थित उसकी दुकान पर पहुंचा था। उस समय दुकान पर दीपक के पिता शिव भक्त पटेल और भाई मोनू पटेल भी मौजूद थे।

बताया गया कि बातचीत के दौरान दीपक की नजर रोहित के गले में पहनी सोने की चेन पर पड़ी। उसने चेन को करीब से देखने की इच्छा जताई और रोहित को दुकान के बाहर ले गया। रोहित को लगा कि वह मजाक कर रहा है, इसलिए उसने अपने गले से करीब दो तोला सोने की चेन और ‘एम’ अक्षर वाला करीब दो तोला का लॉकेट उतारकर दीपक को दे दिया।

चेन हाथ में लेते ही दीपक टहलते हुए सड़क के उस पार चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर रोहित को शक हुआ। उसने दीपक के भाई मोनू पटेल से फोन लगवाकर चेन लौटाने को कहा, लेकिन दीपक ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में जब रोहित ने सीधे फोन किया तो आरोपी ने उसे गुमराह किया और चेन लेकर फरार हो गया।

माढ़ोताल पुलिस ने रोहित पटेल की शिकायत पर आरोपी दीपक पटेल के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post