कटनी। होली पर्व से पहले अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसते हुए कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के ग्राम भगनवारा, बड़वारा क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध रूप से शराब बेचने पहुंचे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जबलपुर निवासी अतुल मेहरा (26 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, होली के मद्देनज़र आरोपी भारी मात्रा में शराब लेकर कटनी पहुंचा था। उसने सड़क किनारे स्थित एक मकान के पीछे बने बाथरूम में शराब की पेटियां छिपाकर रखी थीं और त्योहार के दौरान ऊंचे दामों पर बिक्री की तैयारी कर रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बाथरूम में शराब छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की।
जब्त शराब की कीमत करीब 75 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
