8 माह से फरार उम्रकैद का बंदी अलवर से गिरफ्तार, 30 हजार का था इनाम



जबलपुर/नरसिंहपुर। नरसिंहपुर पुलिस ने रेप के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे एक फरार बंदी को आखिरकार राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी धनराज सिंह पिछले आठ माह से पैरोल खत्म होने के बाद भी जेल नहीं लौटा था। उसकी गिरफ्तारी पर एडीजी जबलपुर जोन द्वारा 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार, छिंदवाड़ा निवासी धनराज सिंह केंद्रीय जेल नरसिंहपुर में सजा काट रहा था। उसे 28 जून 2025 को 16 दिन की पैरोल मिली थी और 13 जुलाई 2025 को वापस जेल में पेश होना था। तय समय पर आमद न देने पर जेल अधीक्षक की शिकायत पर थाना स्टेशनगंज में मामला दर्ज किया गया था।

शातिर तरीके से काट रहा था फरारी
फरारी के दौरान आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा। वह खुद का मोबाइल फोन नहीं रखता था और परिजनों से संपर्क के लिए दूसरों के मोबाइल का इस्तेमाल करता था। इतना ही नहीं, वह किसी भी जगह 8-10 दिन से ज्यादा नहीं रुकता था और पहचान छिपाकर मजदूरी करता था, जिससे पुलिस को उसे ट्रेस करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

तीन राज्यों में दबिश के बाद मिली सफलता
एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान में लगातार दबिश दी। मथुरा-वृंदावन में तलाश के बाद पुलिस को आरोपी के अलवर जिले में होने की पुख्ता सूचना मिली।

रेलवे स्टेशन से दबोचा गया आरोपी
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को अलवर रेलवे स्टेशन से उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह भागने की फिराक में था। इस कार्रवाई में निरीक्षक किशोर वामनकर, उपनिरीक्षक अनिल अजमेरिया की टीम और राजस्थान पुलिस के आरक्षक मानसिंह चौधरी की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post