सिवनी में फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का नुकसान, बड़ा हादसा टला



सिवनी/कान्हीवाड़ा। जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत मटियाटोला रोड स्थित एक रुई फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री के अंदर रखा रुई का बड़ा भंडार इसकी चपेट में आ गया। आग से उठता घना धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे आसपास हड़कंप मच गया।

घटना स्थल के ठीक पास एलपीजी गैस एजेंसी स्थित होने के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो गई थी। संभावित खतरे को भांपते हुए प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गैस एजेंसी को तत्काल खाली कराया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के पास जमा हो गए।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। रुई जैसी अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। दमकल कर्मी लगातार आग पर नियंत्रण पाने में जुटे हुए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके चलते आग तेजी से फैल गई।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घटनास्थल से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। वहीं अधिकारी जल्द ही आग पर पूरी तरह काबू पाने का दावा कर रहे हैं, लेकिन घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post