मुकादमगंज में नकली गरम मसाले का खेल उजागर, 80 किलो माल जब्त — खसखस की जगह मिलाए जा रहे थे दूसरे दाने



जबलपुर। शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने गुरुवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए मुकादमगंज स्थित शारदा गृह उद्योग में छापा मारा, जहां गरम मसाले में मिलावट का चौंकाने वाला मामला सामने आया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे के मुताबिक, काइम ब्रांच से मिली सूचना के आधार पर टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि पैक किए जा रहे खड़े गरम मसाले में खसखस की जगह संदिग्ध रूप से अन्य दाने — संभवतः राजगिरा और सूजी — मिलाकर बेचे जा रहे थे।

इतना ही नहीं, मसाले में इस्तेमाल किए जा रहे तेजपत्ता, चकफूल और दालचीनी भी संदिग्ध गुणवत्ता के पाए गए। इस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके से करीब 80 किलोग्राम मसाला जब्त कर उसके नमूने जांच के लिए सुरक्षित कर लिए।

अधिकारियों के अनुसार, जब्त नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ काइम ब्रांच के उप-निरीक्षक संतोष पाण्डेय और हेड कांस्टेबल आनंद तिवारी भी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post