जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया, जहां मामूली कहासुनी ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम टिकरी निवासी 56 वर्षीय श्याम सिंह गौंड़ ने पुलिस को बताया कि उनके भतीजे सुनील सिंह गौंड़ उर्फ लल्लू (36) और दिलीप सिंह गौंड़ के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 18-19 मार्च की दरम्यानी रात करीब 1 बजे दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसा में बदल गया।
बताया जा रहा है कि दिलीप सिंह ने गुस्से में आकर सुनील पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि सुनील गंभीर रूप से घायल हालत में घर में ही पड़ा रहा।
सुबह जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी, तो उसके दोनों पैरों और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान थे और पिंडलियों से खून बह रहा था। आनन-फानन में उसे एम्बुलेंस के जरिए पनागर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में सुनील ने दम तोड़ दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीप सिंह (39) को गिरफ्तार कर लिया।
