जबलपुर। शहर के धुमना रोड पर मंगलवार को तेज रफ्तार का खतरनाक नज़ारा देखने को मिला, जब एक कार अनियंत्रित होकर पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर सड़क किनारे बनी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार कृष्णा यादव सहित तीन अन्य युवक घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पोल से टकराने के बाद कार नियंत्रण खो बैठी और खाई में गिरकर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि घायल युवक होम साइंस कॉलेज रोड क्षेत्र के निवासी हैं। सभी का इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों युवक कार से धुमना की ओर जा रहे थे, तभी अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहन को खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई भी की जा रही है।
