जबलपुर। होली त्यौहार को देखते हुए जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अधारताल क्षेत्र स्थित श्री स्वीट्स बेकरी पर छापा मार कार्रवाई की।
जांच के दौरान टीम को दुकान में रखी चम्मच मिठाई में कीड़े पाए गए। अधिकारियों के अनुसार यह मिठाई उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से हानिकारक थी। मौके पर ही लगभग 70 किलो मिठाई को अमानक एवं उपभोग के अयोग्य घोषित करते हुए नगर निगम की कचरा गाड़ी में डलवाकर उसका विधिवत निस्तारण कराया गया।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि मिठाई या अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
त्योहारों की आड़ में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी यह संदेश प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है।
