किराए के मकान को लेकर विवाद, किरायेदार दंपति पर मकान मालकिन से मारपीट का आरोप



जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के एकता चौक गंगासागर इलाके में किराए के मकान को लेकर चल रहा विवाद मारपीट तक पहुँच गया। मकान खाली करने की बात कहने पर किरायेदार दंपति ने कथित तौर पर मकान मालकिन के साथ मारपीट कर दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार एकता चौक निवासी दीक्षा रैकवार ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके पिता लालू रैकवार और बड़े पिता विजय रैकवार का पुश्तैनी मकान एकता चौक में स्थित है। यह मकान वर्ष 2013 में गुलशन बी को किराए पर दिया गया था। वर्ष 2018 में पिता के निधन के बाद से किरायेदार द्वारा किराया देना बंद कर दिया गया।

बताया गया कि मकान खाली कराने को लेकर विवाद बढ़ने पर मामला वर्ष 2021 से न्यायालय में विचाराधीन है। शनिवार सुबह दीक्षा रैकवार अपने मकान में रहने के उद्देश्य से पहुँचीं और गुलशन बी व उसके पति आरिफ से मकान खाली करने को कहा। इस बात पर दोनों भड़क गए और कथित तौर पर दीक्षा के साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-घूंसों से मारपीट कर दी।

मारपीट में दीक्षा के सिर, हाथ की कलाई, कमर और पैर में चोटें आई हैं। शोर सुनकर पीड़िता का भाई शोभित रैकवार मौके पर पहुँचा और बीच-बचाव किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post