जबलपुर। शहर में एक ही दिन में तीन किशोरियों के रहस्यमय तरीके से लापता होने की घटनाओं ने अभिभावकों और पुलिस महकमे की चिंता बढ़ा दी है। तीनों मामले अलग-अलग थाना क्षेत्रों लार्डगंज, अधारताल और पनागरके हैं। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन सुराग न मिलने पर थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई और अपहरण की आशंका जताई है। पुलिस ने तीनों मामलों में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लार्डगंज क्षेत्र: दोपहर में बाजार गई, वापस नहीं लौटी
लार्डगंज थाना पुलिस के अनुसार, पन्नी मोहल्ला सुहागी निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी 15 वर्षीय बेटी रविवार दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच करमचंद्र चौक गई थी, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारी में तलाश की, पर कोई जानकारी नहीं मिली।
पनागर क्षेत्र: देर रात घर से गायब हुई 13 वर्षीय बालिका
पनागर थाना क्षेत्र के बिछुआ निवासी 38 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि शनिवार रात करीब 9 बजे परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। रात लगभग 11 बजे जब वह उठीं तो देखा कि उनकी 13 वर्षीय छोटी बेटी घर पर नहीं थी। तत्काल आसपास खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
अधारताल क्षेत्र: मोबाइल को लेकर नाराजगी के बाद लापता
अधारताल थाना में कटरा निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी 14 वर्षीय बेटी को मोबाइल देने से मना किया गया था, जिससे वह नाराज हो गई थी। रविवार सुबह करीब 7 बजे जब परिजन उठे तो बेटी घर में नहीं मिली।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
तीनों ही मामलों में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं—घर से नाराज होकर जाने, मित्रों के संपर्क या संभावित बहला-फुसलाकर ले जाने—पर जांच की जा रही है।
.jpg)