जमीन के नाम पर 18 लाख की ठगी: ‘मां रेवा डेवलपर्स’ के दो भाइयों पर एफआईआर

 

माढ़ोताल थाना क्षेत्र के करमेता में जमीन खरीद-फरोख्त और मकान निर्माण के नाम पर 18 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 62 वर्षीय श्रीमती रेखा लखेरा, निवासी शुकवारी बजरिया हनुमानताल, ने लिखित शिकायत में बताया कि उनके पति विष्णु लखेरा को रिटायरमेंट के बाद प्राप्त राशि से करमेता स्थित 21 नंबर प्लॉट, कुल रकबा 1544.75 वर्गफुट, विक्रेता बसंत यादव (निवासी ग्राम रैगवां, पाटन रोड) से खरीदा गया था। यह सौदा आशीष सिंह ठाकुर और उसके भाई आकाश सिंह ठाकुर की मध्यस्थता से कराया गया।

शिकायत में उल्लेख है कि प्लॉट खरीदवाने से पहले दोनों भाइयों ने शर्त रखी थी कि उसी प्लॉट पर वे मकान निर्माण भी करेंगे। इसके बाद आशीष सिंह ठाकुर ने 22 लाख रुपये में सिंगल डुप्लेक्स मकान बनाने का अनुबंध कराया। पीड़िता के अनुसार उनके पति ने किस्तों में चेक के माध्यम से भुगतान किया।

दोनों आरोपी ‘मां रेवा डेवलपर्स’ के नाम से भवन निर्माण कार्य करते हैं। आरोप है कि प्लॉट दिलाने के एवज में करीब 2 लाख रुपये कमीशन भी पहले ही ले लिया गया था, जिसमें रजिस्ट्री से पूर्व 1 लाख रुपये नगद दिए गए। कुल मिलाकर 24 लाख 22 हजार 200 रुपये आरोपियों को दिए गए, लेकिन मकान का निर्माण नहीं कराया गया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने धोखाधड़ी कर लगभग 18 लाख रुपये हड़प लिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post