नर्मदापुरम। जिले के सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत भटगांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती के शव घर की छत पर बने बाथरूम में गोली लगने की हालत में मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के सिर में गोली लगी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हत्या का है या युवक ने युवती की हत्या कर स्वयं को गोली मार ली। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
छत पर बने बाथरूम में मिले शव
सोहागपुर पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रिंकी पुरवड्या (21) पिता सुरेश पुरवड्या, निवासी भटगांव, सोहागपुर तथा अरुण पुरवइया (28) निवासी गोरा मचवाई, जिला रायसेन के रूप में हुई है।
रिंकी के पिता सुरेश पुरवड्या ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब साढ़े 12 बजे उन्होंने रिंकी को छत पर देखा था। सोमवार सुबह लगभग 7 बजे जब वे दोबारा छत पर पहुंचे, तो बाथरूम के भीतर दोनों के शव पड़े मिले।
युवक के हाथ में मिली पिस्तौल
जिला पुलिस अधीक्षक साईकृष्णा थोटा ने बताया कि दोनों के सिर में गोली लगी है और युवक अरुण के हाथ में पिस्तौल बरामद हुई है। हथियार को जब्त कर लिया गया है।
मौके पर सोहागपुर एसडीओपी संजू चौहान, थाना प्रभारी उषा मरावी और शोभापुर चौकी प्रभारी सुरेश चौहान ने पहुंचकर निरीक्षण किया। नर्मदापुरम से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है।
हर एंगल से जांच
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियों और बरामद हथियार के आधार पर विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
