कटनी-भुसावल पैसेंजर में मोबाइल चोरी का आतंक खत्म, शातिर चोर गिरफ्तार

 


जबलपुर। ट्रेनों में मोबाइल चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच रेल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कटनी से भुसावल के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों में सक्रिय एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी से इस रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों ने राहत की सांस ली है।

रेलवे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी की वारदातों में शामिल युवक क्षेत्र में ही मौजूद है। सूचना के आधार पर गाडरवारा जीआरपी और पिपरिया आरपीएफ की संयुक्त टीम ने सुनियोजित घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी गजेंद्र उर्फ गगन मेहरिया को एक दुकान पर चाय पीते हुए दबोच लिया गया। 19 वर्षीय आरोपी नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र का निवासी है।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पैसेंजर ट्रेनों में भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों के मोबाइल फोन पार कर देता था। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले डिब्बों में वह सफर करता और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देता था।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के छह महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 1 लाख 49 हजार रुपये आंकी गई है। रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चली इस कार्रवाई में साइबर सेल की तकनीकी मदद अहम साबित हुई, जिससे आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी संभव हो सकी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए मोबाइलों की खरीद-फरोख्त में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। संभावना जताई जा रही है कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क भी हो सकता है।

रेल पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post