जबलपुर। शहर के भानतलैया क्षेत्र में एक 28 वर्षीय विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामला बेलबाग थाना क्षेत्र का है, जहां महिला द्वारा फांसी लगाकर जान देने के प्रकरण में पति, सास और दो जेठ पर आत्महत्या के लिए उकसाने (दुष्प्रेरण) का आरोप लगा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार श्रीमती शालू उर्फ शालिनी सोनकर का विवाह वर्ष 2018 में मोहित उर्फ कंजा सोनकर के साथ हुआ था। 15 फरवरी की दोपहर महिला ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आए प्रताड़ना के आरोप
मर्ग जांच के दौरान मायके पक्ष के बयान में कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। परिजनों के अनुसार, पति मोहित शराब का आदी था और आए दिन शालू के साथ मारपीट करता था। आरोप है कि उसे भोजन तक नहीं दिया जाता था।
मृतिका के जेठ संजू सोनकर पर महिला के प्रति गलत नीयत रखने और जबरदस्ती करने के प्रयास का आरोप लगाया गया है। वहीं सास बेबी सोनकर द्वारा लगातार पैसों की मांग कर प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई है। दूसरे जेठ बंटी सोनकर पर गाली-गलौज कर घर से निकालने की धमकी देने का आरोप है।
परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर ही शालू ने यह कठोर कदम उठाया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर पति मोहित सोनकर, सास बेबी सोनकर, जेठ संजू सोनकर और बंटी सोनकर के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
.jpg)