नागोद के इड्डा गांव में तालाब में मिला युवक का शव, मछली पकड़ने गया था घर से



सतना। नागोद थाना क्षेत्र की पौड़ी चौकी अंतर्गत इड्डा गांव स्थित राजा तालाब में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रमेश कोल (34 वर्ष), पिता रघुवर कोल, निवासी इड्डा के रूप में की गई है।

परिजनों के मुताबिक रमेश शनिवार को मछली पकड़ने के लिए गांव के राजा तालाब गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। चिंता बढ़ने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, परंतु उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह तालाब में एक शव तैरता दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पौड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नागोद भेज दिया गया।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि रमेश को शराब पीने की आदत थी। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में तालाब में उतरते समय उसका संतुलन बिगड़ गया होगा और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।

पौड़ी चौकी प्रभारी आरपी वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटनावश डूबने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post