जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां सरकारी कुआं काली मंदिर के पास ऑटो चालक को रोककर दो बदमाशों ने रुपये मांगते हुए मारपीट कर दी। जब ऑटो में सवार महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार लालमाटी गणेश चौक निवासी सीमा वर्मा घरेलू काम करती हैं। घटना के समय वह अपनी बेटी मुस्कान और बहू पूजा के साथ गंजीपुरा से ऑटो में बैठकर घर लौट रही थीं। जैसे ही ऑटो सरकारी कुआं काली मंदिर के सामने पहुंचा, तभी चिराग और आयुष नामक दो युवक वहां पहुंचे और ऑटो चालक राकेश चौधरी को रोक लिया।
आरोपियों ने चालक से पैसों की मांग की, लेकिन मना करने पर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। यह देख ऑटो में बैठी सीमा वर्मा ने विरोध किया, जिस पर बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। मां को बचाने के लिए बेटी मुस्कान बीच में आई, तो उसके साथ भी मारपीट की गई।
सरेराह हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना मिलते ही घमापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटी को अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने सीमा वर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
