जबलपुर। आधारताल क्षेत्र में गुरुवार तड़के करीब साढ़े चार बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब फर्नीचर दुकानों और एक कारखाने में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। आग की शुरुआत ‘साहू फर्नीचर’ और उससे जुड़े कारखाने से होना बताई जा रही है, जो धीरे-धीरे अन्य प्रतिष्ठानों तक फैल गई। इस दौरान ‘क्लासिक फर्नीचर’ सहित कई दुकानें आग की जद में आ गईं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने सात फायर ब्रिगेड वाहन और आठ पानी के टैंकर मौके पर भेजे। दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काफी हद तक काबू पाया और उसे अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोका।
मौके पर मौजूद एक दुकान संचालक के मुताबिक, उसके फर्नीचर का करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं ‘क्लासिक फर्नीचर’ को अकेले लगभग एक करोड़ रुपए तक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
फायरमैन राजेश ने बताया कि समय रहते टीम के पहुंचने से बड़ी घटना टल गई, अन्यथा आग और भी बड़े इलाके में फैल सकती थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी।
