तीन दिन की मोहलत, फिर कुर्की: निगम ने बकायेदारों को दी अंतिम चेतावनी



 जबलपुर। नगर निगम ने बकाया टैक्स की वसूली को लेकर अपना रुख सख्त कर लिया है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देश पर रविवार को शहर के विभिन्न संभागों में विशेष राजस्व वसूली अभियान चलाया गया। इस दौरान कई बकायेदारों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की गई, वहीं कई स्थानों पर अंतिम चेतावनी के नोटिस भी चस्पा किए गए। निगम की इस सख्ती से शहर के कर डिफाल्टरों में हड़कंप मचा रहा।

संभाग क्रमांक 10 में बकायेदारों को अंतिम नोटिस

नगर निगम के संभाग क्रमांक 10 के अंतर्गत शहीद भगत सिंह वार्ड और महर्षि सुदर्शन वार्ड में रविवार को कार्रवाई की गई। संभागीय अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि कई बड़े बकायेदारों को तीन दिन की मोहलत देते हुए उनके घरों पर अंतिम नोटिस चस्पा किए गए हैं।
इनमें लक्ष्मण यादव पर 53,590 एवं 39,432 रुपये, चेतराम बंजारा पर 46,636 रुपये, प्रेमवती झारिया पर 39,923 रुपये, किशनलाल रजक पर 62,254 रुपये, सूरज प्रसाद विनोदिया पर 49,104 रुपये, बद्री प्रसाद साहू पर 34,949 रुपये तथा कल्पना पाण्डेय पर 32,961 रुपये की राशि बकाया है। निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर संपत्ति कुर्की की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

इस दौरान राजस्व निरीक्षक नरेन्द्र सिंह राजपूत, सविता सिंह कुशवाहा, रंजीत चौधरी, रविकांत पुषाम, महेश परस्ते और पवन बरकड़े सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

संभाग 6 और 14 में कुर्की की कार्रवाई

संभाग क्रमांक 6 के राजीव गांधी वार्ड में लंबे समय से कर जमा नहीं करने वाले बकायेदारों पर कुर्की की कार्रवाई की गई। इसमें पुरुषोत्तम लाल साहू पर 39,359 रुपये, देशराज सिंह भदोरिया पर 39,524 रुपये और भीमलाल गुप्ता पर 33,252 रुपये बकाया पाए जाने पर कुर्की की गई। इस मौके पर संभागीय अधिकारी प्रदीप मेरावी, राजस्व निरीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, देवेंद्र इरवार, गोपाल शर्मा और राम कालेश तिवारी मौजूद रहे।

वहीं संभाग क्रमांक 14 विजय नगर के मोतीलाल वार्ड में रद्दी चौकी स्थित साबरा बी पत्नी मोहम्मद हकीम पर 1,59,594 रुपये की बड़ी बकाया राशि होने पर कुर्की की कार्रवाई की गई। इस दौरान राजस्व अधिकारी आनंद मिश्रा, संभागीय अधिकारी सुदीप पटेल, मन्नू पटेल, चंद्रेश कोल और कमलेश सिंह उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post