जबलपुर। सिहोरा तहसील के वार्ड क्रमांक 3 में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। सड़क किनारे खड़ी एक लावारिस टाटा सूमो में अचानक आग लगने से उसके भीतर सो रहे एक व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में स्थित एक दुकान भी इसकी चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
स्थानीय लोगों ने जब वाहन से उठती लपटें देखीं तो तुरंत बचाव के लिए दौड़े, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कोई भी वाहन के पास तक नहीं पहुंच सका। देखते ही देखते पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में अंदर सो रहा व्यक्ति आग और जहरीले धुएं की चपेट में आ गया।
मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती बनी काल
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मच्छरों से बचने के लिए जलाई गई अगरबत्ती इस हादसे की वजह बनी। बताया जा रहा है कि टाटा सूमो के भीतर बड़ी मात्रा में कचरा और प्लास्टिक की पन्नियां भरी हुई थीं। रात में जलाई गई अगरबत्ती की चिंगारी संभवतः इस ज्वलनशील कचरे पर गिर गई, जिससे आग तेजी से फैल गई।
वाहन के अंदर मौजूद सूखे कचरे और प्लास्टिक के कारण आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। अंदर सो रहा व्यक्ति जब तक हालात समझ पाता, तब तक लपटों और धुएं ने उसे चारों ओर से घेर लिया था। दम घुटने और बुरी तरह झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सालों से गाड़ी को ही बनाया था ठिकाना
स्थानीय निवासियों के अनुसार मृतक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। इलाके के लोग उसे एक लावारिस व्यक्ति के रूप में जानते थे, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। वह पिछले कई वर्षों से इसी पुरानी टाटा सूमो को अपना ठिकाना बनाकर रह रहा था।
बताया गया कि वह दिनभर शहर में इधर-उधर से कचरा और प्लास्टिक की पन्नियां इकट्ठा करता और उन्हें उसी गाड़ी में जमा कर देता था। रात होने पर वह वाहन के अंदर ही सो जाता था। कई बार वह गाड़ी के पास ही चूल्हा जलाकर खाना बनाते भी देखा गया था।
पुलिस और दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन और पास की दुकान पूरी तरह जल चुकी थी।
पुलिस ने वाहन के अंदर से शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिहोरा सिविल अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आग से दुकान संचालक को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
