जबलपुर। रानीताल स्थित भाजपा कार्यालय के समीप झाड़ियों में मिली युवती की रक्तरंजित लाश के मामले ने शनिवार सुबह नया और सनसनीखेज मोड़ ले लिया। इस हत्याकांड के संदिग्ध युवक की लाश माढ़ोताल क्षेत्र में तालाब किनारे एक पेड़ से फंदे पर लटकी मिली। चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक के दोनों हाथ बंधे हुए पाए गए, जिससे यह आशंका गहराने लगी है कि हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर तालाब की मेढ़ पर लगे पेड़ से लटकते शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही माढ़ोताल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का रहस्य
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ने आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
युवती हत्याकांड का संदेही था मृतक
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अंकित बर्मन, निवासी मंजू पथ दीक्षितपुरा के रूप में हुई है। वह करीब पांच दिन पहले रांझी क्षेत्र की एक युवती की हत्या के मामले में संदेही था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। ऐसे में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मिलने से पूरे प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है और कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मोबाइल और CCTV फुटेज की जांच
माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने मृतक के परिजनों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है। पुलिस अंकित के मोबाइल फोन की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि अंकित पिछले कुछ समय से घर नहीं गया था। उसके साथ रहने वाले एक युवक को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
