साइबर ठगों ने CRPF जवान को बनाया निशाना, बिजली बिल अपडेट के बहाने खाते से उड़ाए 1.89 लाख रुपये




जबलपुर। शहर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब साइबर अपराधियों ने सीआरपीएफ के एक जवान को अपना शिकार बना लिया। बिजली बिल अपडेट करने का झांसा देकर ठगों ने जवान के बैंक खाते से 1 लाख 89 हजार 998 रुपये पार कर दिए। मामले की शिकायत गोराबाजार थाने में दर्ज कराई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विनायक नगर चरगवां निवासी श्रीमती सरिता देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पति नरेंद्र कुमार सीआरपीएफ की 36वीं बटालियन में प्रधान आरक्षक के पद पर छत्तीसगढ़ में पदस्थ हैं और इन दिनों ट्रेनिंग के लिए जम्मू स्थित सीआरपीएफ हेडक्वार्टर में मौजूद हैं।

बताया गया कि नरेंद्र कुमार के व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से बिजली बिल अपडेट करने से संबंधित लिंक भेजा गया। ठग ने बातचीत में उन्हें भरोसे में लेकर कहा कि बिजली बिल अपडेट करना जरूरी है। जैसे ही जवान ने भेजे गए लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल फोन अचानक फ्रीज हो गया और कुछ समय तक काम करना बंद कर दिया।

कुछ घंटे बाद जब मोबाइल सामान्य हुआ तो उनके फोन पर बैंक से पैसे कटने के लगातार मैसेज आने लगे। जांच करने पर पता चला कि साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 9 बार में कुल 1 लाख 89 हजार 998 रुपये निकाल लिए।

जवान की पत्नी सरिता देवी की शिकायत पर गोराबाजार थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उस व्हाट्सएप नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन की डिटेल खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post