हत्या और लूट की वारदात के बाद 10 साल तक फरार रहीं दो महिलाएं गिरफ्तार, उज्जैन क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी



उज्जैन। मध्य प्रदेश की उज्जैन क्राइम ब्रांच टीम को एक बड़ी सफलता मिली है । क्राइम ब्रांच ने केरल राज्य के कन्नूर जिले में वर्ष 2016 में हुई लूट और हत्या के मामले में पिछले करीब 10 वर्षों से फरार चल रही दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है । दोनों आरोपी दिल्ली की रहने वाली हैं और लंबे समय से पुलिस से बचकर फरार चल रही थीं।

2016 में लूट और हत्या की वारदात को दिया था अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 में केरल के कन्नूर जिले के थाना एरुकुर क्षेत्र में लूट और हत्या की गंभीर वारदात हुई थी । इस मामले में सकीना फातिमा और परवीन बानो ने अपने एक अन्य साथी (भाई) के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था । घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हो गए थे ।

इस संबंध में थाना एरुकुर, जिला कन्नूर (केरल) में आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था और केरल पुलिस पिछले 10 वर्षों से लगातार उनकी तलाश कर रही थी। हाल ही में केरल पुलिस द्वारा सूचना प्रसारित की गई थी कि दोनों फरार आरोपी 11 मार्च 2026 को नई दिल्ली से रवाना होकर अलग-अलग स्थानों से दक्षिण भारत की ओर अपने साथियों के पास जा रहे हैं ।
उज्जैन क्राइम ब्रांच और केरल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

यह सूचना मिलने के बाद उज्जैन क्राइम ब्रांच टीम ने आरोपियों के पुराने हुलिये और उपलब्ध जानकारियों के आधार पर लगातार पतारसी शुरू की । लगातार प्रयासों के बाद उज्जैन क्राइम ब्रांच और केरल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों फरार महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया ।
संपन्न परिवारों या अकेले रहने वाले लोगों को बनाते थे निशाना

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे संपन्न परिवारों या अकेले रहने वाले लोगों को निशाना बनाते थे । आरोपी खुद को मजदूर बताकर कुछ समय तक उनके घरों में शरण लेते थे । इस दौरान वे घर और आसपास की पूरी रैकी कर लेते थे और मौका मिलने पर लूटपाट करते थे । विरोध होने पर हत्या जैसी वारदात को भी अंजाम दे देते थे ।



Post a Comment

Previous Post Next Post