पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर


जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को शासकीय अस्पताल रांझी में भर्ती कराया गया, जहां से पुलिस को घटना की सूचना दी गई।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घायल अजय कोल (23) पिता किशन कुमार कोल, निवासी इंद्रा नगर दुर्गा मंदिर के पास कुशवाहा कॉलोनी रांझी, पुट्टी-पुताई का काम करता है। अजय ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त रोशन कोल के घर मानेगांव रांझी गया था। वहां खाना-पीना करने के बाद दोनों गांधी चौक पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात करन कोल और उसके साथी बिल्लू कोल से हो गई।

बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते करन और बिल्लू ने अजय के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। अजय द्वारा विरोध करने पर बिल्लू कोल ने उसे पकड़ लिया, जबकि करन कोल ने हत्या की नीयत से चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अजय के सिर के पीछे, पेट और दाहिनी जांघ में गंभीर चोटें आई हैं।

हमले के बाद घायल अजय किसी तरह जान बचाकर मौके से भागा, लेकिन पास ही एक व्यक्ति के घर के सामने गिर पड़ा। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

रांझी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 109(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post