सर्दियों की विदाई के साथ पारा चढ़ने लगा है और ऐसे में शरीर को शीतल रखना किसी चुनौती से कम नहीं। आयुर्वेद जिसे पित्तशामक कहता है वह साधारण सी दिखने वाली सौंफ इस मौसम में आपके तन-मन के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
मार्च की शुरुआत के साथ ही सूरज की तपिश ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इस बदलते मौसम में पेट की जलन, थकान और डिहाइड्रेशन आम समस्याएं हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी रसोई में मौजूद सौंफ इस तपती गर्मी में एक बेहतरीन देसी टॉनिक का काम कर सकती है।
आयुर्वेद के अनुसार सौंफ की तासीर ठंडी होती है जो शरीर के बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने में सक्षम है। इसे पित्त दोष को संतुलित करने वाली औषधि माना जाता है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के अनुसार सौंफ न केवल लू से बचाती है बल्कि शरीर की आंतरिक गर्मी को बाहर निकालती है। जब आप सौंफ का पानी या शरबत पीते हैं तो यह सीधे तौर पर आपके पाचन तंत्र को शांत कर पेट की जलन से राहत दिलाता है।
सेहत का खजाना
- सौंफ में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुण इसे एक शक्तिशाली जड़ी-बूटी बनाते हैं।
- भोजन के बाद सौंफ चबाना केवल एक परंपरा नहीं बल्कि विज्ञान है। यह गैस, ब्लोटिंग (पेट फूलना), अपच और कब्ज जैसी समस्याओं को दूर कर पाचन तंत्र को मजबूत बनाती है।
- नियमित सेवन से मेटाबॉलिज्म सुधरता है जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है। यह महिलाओं में हार्मोन बैलेंस करने और त्वचा की चमक बढ़ाने में भी सहायक है।
- खाली पेट सौंफ का पानी पीने से शरीर के विषैले तत्व बाहर निकल जाते हैं जिससे दिनभर ताजगी बनी रहती है।
