जबलपुर। बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटे जाने से नाराज एक युवक ने बिजली विभाग के कार्यालय में पहुंचकर जमकर हंगामा किया। युवक ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दर्शन भाटिया नामक युवक अचानक बिजली विभाग के कार्यालय में घुस आया और अधिकारियों को खुलेआम धमकाने लगा। कार्यालय के अंदर हुए इस हंगामे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक आक्रामक अंदाज में कर्मचारियों से उलझता नजर आ रहा है। घटना के समय कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और अन्य उपभोक्ता सहम गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि युवक के घर में चार बिजली कनेक्शन हैं, जिन पर 20 हजार रुपये से अधिक का बिल बकाया था। विभाग द्वारा नियमानुसार कनेक्शन काटे जाने की कार्रवाई की गई थी। इसी बात से नाराज होकर युवक कार्यालय पहुंचा और कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार करते हुए धमकाने लगा।
सूत्रों के मुताबिक युवक के कार्यालय से जाने के बाद उसकी पत्नी भी वहां पहुंची और अधिकारियों को धमकाया। इस घटना से कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया, जिसके बाद विभाग के अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मामले की शिकायत मिलने पर ओमती थाना पुलिस ने आरोपी दर्शन भाटिया के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बकाया बिल वसूली और कनेक्शन काटने की कार्रवाई नियमों के तहत की जाती है। किसी भी कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार या धमकी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
