जबलपुर। शहर के महाराजपुर क्षेत्र में अवैध गैस सिलेंडर के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक रिहायशी मकान पर छापा मारकर अवैध रूप से जमा किए गए गैस सिलेंडरों का जखीरा बरामद किया है।
यह कार्रवाई नायब तहसीलदार नीलू बागड़ी और सहायक खाद्य अधिकारी राजधर साकेत के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से आरोपी प्रदीप साहू को हिरासत में लिया।
जांच में आरोपी के कब्जे से कुल 46 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 8 भरे हुए सिलेंडर, 32 खाली सिलेंडर और 4 कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार सघन आबादी वाले इलाके में इस तरह बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। समय रहते कार्रवाई कर संभावित खतरे को टाल दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई सटीक सूचना के आधार पर की। आरोपी नियमों को ताक पर रखकर गैस सिलेंडरों का अवैध संग्रह कर रहा था।
पुलिस ने जब्त किए गए सिलेंडरों को अपने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गैस कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि शहर में इस तरह के अवैध भंडारण और कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
