जबलपुर। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के हाल ही में दिए गए निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने मदन महल पहाड़ी को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू करने की तैयारी कर ली है। प्रशासन की ओर से शनिवार से इस अभियान की शुरुआत की जाएगी।
एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह के अनुसार मदन महल पहाड़ी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पुरवा क्षेत्र में आईसीएमआर के सामने वाले हिस्से से प्रारंभ की जाएगी। इस संबंध में प्रशासन द्वारा पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार मुनादी कराकर लोगों को अतिक्रमण हटाने की सूचना दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप पूरी कार्रवाई विधिसम्मत तरीके से की जाएगी।
24 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने दिए थे निर्देश
गौरतलब है कि मदन महल पहाड़ी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में शांति बाई शर्मा सहित अन्य लोगों द्वारा दायर याचिका पर सर्वोच्च न्यायालय ने 24 फरवरी को सुनवाई की थी। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने राज्य शासन को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों का शीघ्र पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के साथ-साथ सर्वोच्च न्यायालय में भी प्रस्तुत की जाए। प्रशासन अब न्यायालय के आदेशों के पालन में मदन महल पहाड़ी को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया तेज कर रहा है।
