तेज रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, सड़क पर मिला शव



तिलवारा क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, पुलिस जांच में जुटी

जबलपुर। शहर के तिलवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत झिरी पिपरिया रोड पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में गांव के ठाकुर धनराज की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई इस घटना ने क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है।

तिलवारा पुलिस के अनुसार, झिरी पिपरिया निवासी रामस्वरूप ठाकुर ने सूचना दी कि वह अपनी बहन के घर ग्राम ढगोरखपुर (थाना बरगी) जबारे देखने गया हुआ था। इसी दौरान उसका भाई धनराज ठाकुर, गांव के ही सुखचैन की मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 20 एम क्यू 6369) लेकर शाम करीब 4 बजे खेत जाने की बात कहकर निकला था।

शाम करीब 7:15 बजे रामस्वरूप के बेटे अर्जुन ठाकुर ने फोन कर बताया कि चाचा धनराज का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही वह तत्काल झिरी रोड पहुंचा, जहां धनराज ठाकुर का शव सड़क पर पड़ा मिला। पास ही उनकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी थी।

प्रारंभिक जांच में प्रतीत हो रहा है कि किसी अज्ञात वाहन चालक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण धनराज ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post