जबलपुर। जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने शहपुरा तहसील के विभिन्न इलाकों में छापामार अभियान चलाया, जिसमें तीन हाईवा वाहनों को जब्त किया गया।
जानकारी के मुताबिक, खनिज अधिकारी ए.के. राय और खनिज निरीक्षक विवेकानंद यादव के नेतृत्व में टीम ने पावला और जुगपुरा गांव के नदी घाटों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे दस पहिया के तीन हाईवा मौके से पकड़े गए।
जब्त किए गए वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से बेलखेड़ा थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने उन नावों को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया, जिनका इस्तेमाल चोरी-छिपे नदी से रेत निकालने में किया जा रहा था।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और माफियाओं के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
