जबलपुर। जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए इनाम की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जो भी व्यक्ति फरार आरोपियों के संबंध में सूचना देगा या गिरफ्तारी में मदद करेगा, उसे नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बेलखेड़ा में दर्ज अपराध क्रमांक 67/26 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं—296, 191(2), 191(3), 190, 333, 309(6) एवं 109—के तहत चार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं। इन आरोपियों में इंद्रकुमार चौधरी उर्फ मुन्ना चौधरी (54 वर्ष), ऋषिकांत चौधरी (27 वर्ष), आकाश लोधी और अभिराज लोधी शामिल हैं। सभी आरोपी गुबराकला, सोनाचर और शहपुरा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आरोपी पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में सक्रिय भूमिका निभाएं।
