अलवर/भोपाल। आस्था की यात्रा से लौट रहे एक परिवार के लिए बुधवार की रात मौत का मंजर बन गई। राजस्थान के अलवर जिले के मौजपुर के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। हादसे में मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया है।
बताया जा रहा है कि परिवार माता वैष्णो देवी के दर्शन कर वापस लौट रहा था। बेटे की नौकरी लगने की मन्नत पूरी होने के बाद यह यात्रा की गई थी, लेकिन घर लौटने से पहले ही पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया।
हादसा इतना भीषण, केवल हड्डियां बचीं
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार संतोष (35), उनकी पत्नी शशि (30), मां पार्वती (55) और दो नाबालिग बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह जल गई और अंदर बैठे लोगों के केवल अस्थि अवशेष ही मिले। पुलिस ने इन अवशेषों को अलग-अलग पोटलियों में सुरक्षित रखा है। शवों की पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।
ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, हालत नाजुक
हादसे के दौरान कार चालक ने किसी तरह बाहर कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
शॉर्ट सर्किट और सीएनजी से भड़की आग की आशंका
अलवर एसपी प्रियंका रघुवंशी के अनुसार, रात करीब 11:15 बजे लक्ष्मणगढ़ पुलिस को कार में आग लगने की सूचना मिली थी। करीब 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने और सीएनजी के कारण आग के तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है।
खुशियों से मातम तक का सफर
जिस परिवार ने बेटे की नौकरी लगने की खुशी में देवी के दरबार में माथा टेका था, उसी परिवार की वापसी यात्रा मातम में बदल गई। श्योपुर के चैनपुरा गांव में इस हादसे की खबर पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
