शादी में गया परिवार, पीछे से सूना घर बना निशाना: 90 हजार की चोरी

 


जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने गए एक परिवार के घर चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए ताला तोड़कर घर में घुसकर करीब 90 हजार रुपये के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 शादी में गया था पूरा परिवार

पुलिस के अनुसार, फरियादी संत कुमार कोरी निवासी गुरुद्वारा वार्ड, बजरंग मेट्रो, थाना अधारताल ने शिकायत दर्ज कराई है कि 20 अप्रैल को वह अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने संजय नगर गए थे और वहां से कटनी बारात में चले गए।

 वापस लौटे तो टूटा मिला ताला

21 अप्रैल की दोपहर करीब 2:30 बजे जब परिवार वापस घर लौटा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे और अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।

 सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी

फरियादी के मुताबिक, अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी गायब थी। चोरी हुए सामान में मंगलसूत्र, हाफ करधन, चांदी की पायल, सोने की अंगूठी, नथ, लॉकेट सहित अन्य जेवर और नगदी शामिल है। कुल नुकसान करीब 90 हजार रुपये आंका गया है।

 अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज

पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 331(4) और 305 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post