जबलपुर। बरगी डैम क्षेत्र शनिवार को उस वक्त सनसनी से दहल उठा, जब निर्माणाधीन मंदिर परिसर में रह रहे 65 वर्षीय साधु तारापुरी महाराज का खून से सना शव उनकी कुटिया में मिला। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मजदूरों ने देखा दिल दहला देने वाला मंजर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे जब मजदूर मंदिर निर्माण कार्य के लिए पहुंचे, तो उन्हें महाराज कहीं दिखाई नहीं दिए। संदेह होने पर जब वे उनकी कुटिया के अंदर पहुंचे, तो वहां का दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला था महाराज का शव जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। मजदूरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड
सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जो हत्या की ओर साफ इशारा कर रहे हैं।
सिवनी के रहने वाले थे महाराज
मृतक तारापुरी महाराज मूल रूप से सिवनी जिले के ईश्वरपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। वे पिछले एक वर्ष से बरगी क्षेत्र में रहकर स्थानीय लोगों के सहयोग से मंदिर निर्माण कार्य करा रहे थे। जानकारी यह भी सामने आई है कि शुक्रवार को वे घंसौर में किसी पुराने मामले की पेशी में गए थे और रात में ही वापस लौटे थे।
पुलिस जुटी जांच में, जल्द खुलासा होने की उम्मीद
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है चाहे वह व्यक्तिगत रंजिश हो, लूटपाट या कोई अन्य कारण। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
