बिजली लाइन सुधार के दौरान दर्दनाक हादसा करंट लगने से ठेका कर्मचारी की मौत, सड़क पर उतरा जनाक्रोश

 


जबलपुर। खजरी खिरिया क्षेत्र में बिजली लाइन सुधार के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 51 वर्षीय ठेका कर्मचारी रंजीत कोरी की मौत हो गई। शुक्रवार को हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, वहीं शनिवार सुबह गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया।

खंभे पर काम करते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रंजीत कोरी बिजली फॉल्ट सुधारने के लिए खंभे पर चढ़े थे। इसी दौरान अचानक लाइन चालू हो गई, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और वे करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में साथियों ने 108 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सड़क पर उतरा गुस्सा, शव रखकर चक्काजाम
शनिवार सुबह अमखेरा-खजरी खिरिया रोड पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई, उचित मुआवजा और मृतक के बेटे को नौकरी नहीं दी जाएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

पुलिस और अधिकारियों की समझाइश बेअसर
सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।

परिजनों का आरोप लापरवाही ने ली जान
मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब लाइन बंद थी, तो बिना सूचना उसे चालू कैसे कर दिया गया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
मृतक के भाई सुनील कोरी ने आरोप लगाया कि विभाग पहले 5 लाख रुपए देकर मामला दबाने का प्रयास कर रहा था और शिकायत न करने का दबाव बनाया जा रहा था।

सुरक्षा उपकरणों के बिना कर रहे थे काम
बताया जा रहा है कि रंजीत अपने साथियों के साथ फॉल्ट सुधारने पहुंचे थे। अन्य कर्मचारियों के मना करने पर वे खुद बिना ग्लव्स और सुरक्षा उपकरणों के खंभे पर चढ़ गए, जिसके चलते हादसा और गंभीर हो गया।

बिजली विभाग का पक्ष — जांच जारी
बिजली विभाग के सीई संजय अरोरा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मृतक के बेटे को नौकरी दी जाएगी। साथ ही कंपनी की ओर से 5 लाख और बीमा से 4 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि रस्सी के झूले का हुक ठीक से नहीं फंसा था, जिससे संतुलन बिगड़ा और रंजीत सिर के बल नीचे गिर गए, जिससे गंभीर चोट आई।

लगातार हादसों से बढ़ता आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पहले भी बिजली विभाग की लापरवाही से कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post