अलका लाम्बा की स्वीकृति के बाद जारी सूची, नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों से पहले संगठन विस्तार पर जोर
जबलपुर। मध्य प्रदेश की राजनीति में महिला नेतृत्व को नई दिशा देने के उद्देश्य से महिला कांग्रेस की पहली प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। यह सूची महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लाम्बा की स्वीकृति के बाद जारी की गई है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों की महिला नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी सूची में ग्वालियर, इंदौर, भोपाल, रीवा, सतना, कटनी, सिंगरौली, उज्जैन, मंदसौर, सागर और जबलपुर सहित कई जिलों की सक्रिय महिला नेताओं को संगठन में शामिल किया गया है।
जबलपुर के लिए यह सूची खास मायने रखती है, क्योंकि शहर की सक्रिय महिला कांग्रेस नेत्री प्रियंका सोनी को प्रदेश कार्यकारिणी में संयुक्त सचिव का दायित्व सौंपा गया है। इससे स्थानीय स्तर पर महिला नेतृत्व को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रदेश कार्यकारिणी में ज्योति सिंह, मनीषा रावत, शांति भालेश्वर और यासमीन शेरानी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं आरती सिंह, गीता सिंह परिहार, हेमलता सिंह, रजनी वर्मा, सौम्या रंधेलिया और मधु शर्मा सहित कई महिला नेताओं को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा कुमुदनी सिंह, कृष्णा सिंह परिहार, रचना कुशवाह, माधवी नरवरिया, प्राची शुक्ला और लक्ष्मी सिंह परिहार को सचिव पद पर नियुक्त किया गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह नई कार्यकारिणी आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए गठित की गई है। महिला कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और महिला भागीदारी बढ़ाने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
